ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
हर लोकसभा चुनाव में हरिद्वार संसदीय सीट पर प्रदेश की अन्य चार संसदीय सीटों की अपेक्षा मतदाताओं की संख्या और मतदान का प्रतिशत अधिक रहा है। लोकसभा चुनाव में वोटों का प्रतिशत भी बढ़ा है। वर्ष 2004 में 53.19 प्रतिशत, वर्ष 2009 में 61.11 प्रतिशत और वर्ष 2014 में 11.99 प्रतिशत के उछाल के साथ 73.10 प्रतिशत मतदान हुआ था, लेकिन 11 अप्रैल को होने वाले मतदान में ये देखना होगा कि क्या इस बार मतदान का रिकॉर्ड टूट पाएगा।
मतदान के नजरिये से हरिद्वार के इतिहास पर नजर डालें तो पता चलता है कि वर्ष 2004 में हुए लोकसभा चुनाव में हरिद्वार संसदीय सीट पर 9 लाख 43 हजार 46 मतदाता थे। इस वर्ष मतदाताओं में ज्यादा जागरुकता देखने को नहीं मिली और कुल 4 लाख 63 हजार 41 मतदाताओं ने ही मतदान किया और समाजवादी पार्टी के राजेंद्र सिंह बॉडी सांसद बने थे। वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में हुए मतदान में 7.92 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने का मिली। इस वर्ष 12 लाख 94 हजार 280 मतदाताओं में से 7 साल 90 हजार 934 मतदाताओं ने अपने मतों का उपयोग किया और कांग्रेस के हरीश रावत सांसद चुने गए। वर्ष 2014 में मतदाताओं की संख्या 3 लाख 14 हजार 111 बढ़कर 16 लाख 8 हजार 391 हो गई और मतदान प्रतिशत भी 11.99 प्रतिशत बढ़ा। इस लोकसभा चुनाव में 11 लाख 75 हजार 734 मतदाताओं ने मतदान किया और भाजपा के डा. रमेश पोखरियाल निशंक सांसद बने। इस बार 11 अप्रैल को मतदान होना है। 18 लाख 03 हजार 509 मतदाता 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 9 लाख 61 हजार 706 पुरुष, 8 लाख 37 हजार 111 महिलाएं, 4 हजार 558 सर्विस वोटर और 134 थर्ड जेंडर के वोटर हैं, लेकिन इस बार देखना ये होगा हरिद्वार संसदीय सीट पर वोटरों की संख्या बढ़ने के साथ ही मतदान का भी रिकॉर्ड टूटता है या नहीं।
वर्ष मतदाता मतदान प्रतिशत
2004 914346 486341 53.19
2009 1294280 790934 61.11
2014 1608391 1175734 73.10