ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
भेल क्षेत्र में करीब दो महीने से बार-बार घुस रहे गुलदार को वन विभाग की टीम ने रविवार रात को पिंजरा लगाकर पकड़ लिया। गुलदार को पकड़े जाने के बाद चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर में दो दिन के लिए निगरानी में रखा गया है।
भेल क्षेत्र में हाथी के बाद गुलदार के बार-बार घुसने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की हरिद्वार रेंज के रेंजर दिनेश कुमार नौडियाल ने बताया कि करीब दो महीने से भेल में गुलदार के बार-बार आने से लोग इधर उधर जाने से डर रहे थे। गुलदार के मूवमेंट को देखते हुए भेल के वेस्टर्न गेट के पास एक हफ्ते पहले ही पिंजरा लगाया गया था। रविवार की रात करीब 11 बजे गुलदार को पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार को पकड़े जाने के बाद उसे चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर में निगराने के लिए रखा गया है। विभागीय अधिकारियों के आदेश के बाद गुलदार को जंगल में छोड़ दिया गया जाएगा। उन्होंने बताया कि भेल क्षेत्र में राजाजी टाइगर रिर्जव की सीमाएं कुछ स्थानों पर खुली होने के कारण गुलदार कुत्तों की तलाश में भेल क्षेत्र में आता था। उधर, भेल क्षेत्र वासियों ने गुलदार को पकड़े जाने के बाद राहत की सांस ली है।