अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
नेशनल एलिजबिलिटी टेस्ट (नेट) व जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) में देवसंस्कृति विश्वविद्यालय मेंके 74 प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब तक योग के क्षेत्र में किसी एक विवि या संस्थान से इतनी संख्या में क्वालीफाई करने का यह रिकार्ड है। पिछले वर्ष भी देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के 56 विद्यार्थी एवं प्राध्यापकों ने नेट व जेआरएफ उत्तीर्ण किया था। कुलाधिपति डा. प्रणव पंड्या एवं कुलसंरक्षिका शैलदीदी ने क्वालीफाइड विद्यार्थी एवं आचार्यों को बधाई दी है।
देसंविवि के प्रतिकुलपति डा. चिन्मय पंड्या ने कहा कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय अपने स्थापनाकाल से विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित है। योग के साथ विवि परिवार ने विभिन्न सेवा कार्यों में भी विशेष उपलब्धि हासिल की है। योग विभागाध्यक्ष डा. सुरेश वर्णवाल ने बताया कि यूजीसी की ओर से आयोजित नेट व जेआरएफ क्वालीफाई करने वालों ने अपनी सफलता का श्रेय विवि प्रशासन को दिया। उन्होंने बताया कि 15 प्राध्यापकों व 50 विद्यार्थियों ने नेट व 9 विद्यार्थियों ने जेआरएफ में क्वालीफाई किया है। देसंविवि से किसी एक शैक्षणिक सत्र में नेट व जेआरएफ में क्वालीफाई करने वालों की संख्या अब तक एक रिकार्ड है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी देसंविवि के 56 विद्यार्थी व आचार्यों ने नेट व जेआरएफ में क्वालीफाई किया था। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जेआरएफ में 73.14 तथा नेट में 64.57 कटआफ आया है।