ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
सिडकुल में ट्रांसपोर्ट कर्मचारी अनिल कुमार की हत्या के मामले में स्थानीय पुलिस का फोकस उसके मोबाइल फोन की कॉल रिकार्ड पर है। सीआईयू की मदद से कॉल डिटेल रिकार्ड निकाला जा रहा है। इधर, यहां पहुंचे परिजन ने किसी से पुरानी रंजिश होने की बात से इनकार किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
बृहस्पतिवार की राजाजी बिस्कुट चौक के पास कब्रिस्तान में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था। पुलिस की पड़ताल में मृतक की पहचान अनिल कुमार (38) पुत्र रामकुमार निवासी मोहल्ला खन्नीबाद शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी रावली महदूद के रूप में हुई थी। सामने आया था कि पत्थरों से कुचलकर युवक की हत्या की गई थी और घटनास्थल पर खून से सना पत्थर भी बरामद हुआ था। पुलिस की पड़ताल में सामने आया था कि मृतक सिडकुल की टीसीआई ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर हेल्पर कार्यरत था और अकेला ही रहता था। एसओ देवराज शर्मा ने बताया कि कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।