ब्यूरो/ अमर उजाला, हरिद्वार
बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां बनाने का आरोप लगाते हुए रविवार को भगतसिंह चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने भाजपा पर जनविरोधी नीतियां बनाकर देश की अर्थव्यवस्था चौपट करने का आरोप लगाया।
रविवार को कांग्रेस की सभी महिला कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष विमला पांडे के नेतृत्व में भगत सिंह चौक पर पहुंची। प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन भी किया। महानगर अध्यक्ष विमला पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिस कारण समाज के हर वर्ग की महिलाएं त्रस्त हैं। रसोई गैस सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल के मूल्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वस्तुओं के दाम लोगों के बजट के बाहर हो गए हैं, जिससे घर चलाने में समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इससे पहले नोटबंदी का निर्णय लिया था, जिससे पूरे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई थी। उन्होंने कहा कि लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है, व्यापारियों को नुकसान का उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में सविता सिंह, सुषमा सहगल, अंजू द्विवेदी, मनोपति, रानी, कविता नौटियाल, नीलम धीमान, सावित्री, कविता, नीलू, माया, सुदेशना, सरोज, अंजू, बबिता, कलावती, मुल्कीराज, सोमपाल, अनुज, मालती, लक्ष्मी, यशोदा, रेखा, ममता आदि शामिल रहे।