अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। अमर उजाला मे ंसमाचार प्रकाशित होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने हाईवे के जख्मों को भरने के लिए मंगलवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान ज्वालापुर से लेकर हरकी पैड़ी के समीप तक कई स्थानों पर गड्ढे भरे गए।
मंगलवार को अमर उजाला ने बदहाल हाईवे की स्थिति को उजागर करते हुए प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए। परिणाम स्वरूप मंगलवार को सुबह से ही जेसीबी और ट्रैक्टर- ट्रालियां लेकर हाईवे प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी हाईवे के गड्ढों को भरते दिखाई दिए। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि हाईवे का चौड़ीकरण का काम जल्दी ही पूरा करने के प्रयास किए जा रहे है। तात्कालिक तौर पर गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं।
घटिया ईंटों से भरे जा रहे गड्ढे
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकारण ने हाईवे के गड्ढों को भरने का काम तो शुरू किया है, लेकिन इनको भरने के लिए दोयम दर्जे की ईंटें इस्तेमान की जा रही है। वाहनों के गुजरते ही यह ईंटें टूटकर गड्ढों में धंसने लगी है। वहीं कई जगह गड्ढों को बजरीयुक्त मिट्टी से भरा गया है। इससे हाईवे पर और समस्या खड़ी हो गई है।
फेसबुक पोस्ट पर बरसे कांग्रेसजन
हाईवे के गड्ढें भरने के काम की निगरानी करने पहुंचे शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के करीबी भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने मौके की एक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड़ कर दी। इसमें वह गड्ढे भरने के काम की निगरानी करते दिखाई दे रहे हैं। इस पर कांग्रेस और कई स्थानीय नागरिकों ने हाईवे की बदहाली के लिए भाजपा की ही केंद्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।