अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। सिंहद्वार चौक के पास हाईवे पर हुए गहरे गड्ढों से शनिवार देर रात से लेकर रविवार दिन भर यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली जा रहे वाहनों को गंगनहर पटरी से होते हुए हाईवे की तरफ निकाला जाता रहा। वहीं हाईवे को चलने लायक बनाने के लिए दिन भर पुलिस अपने ही स्तर से गहरे गड्ढों में ईंट भरवाने में जुटी रही।
शनिवार देर रात सिंहद्वार चौक से चंद कदम की दूरी पर हाईवे पर बनी सर्विस लेन में लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर- ट्राली गहरे गड्ढे में फंस गई। इससे वहां देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर एसओ कनखल ओमकांत भूषण ने दिल्ली की तरफ जा रहे यातायात को सिंहद्वार चौक से दूसरी साइड पर गंगनहर पटरी पर डायवर्ट कर स्थिति संभाली। फिर क्रेन बुलाकर गड्ढे में फंसी ट्रैक्टर ट्राली निकाली गई। सुबह होने पर गहरे गड्ढों के चलते फिर से हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
जाम लगते ही पुलिस ने फिर से यातायात को गंगनहर पटरी की तरफ डायवर्ट किया। इधर, कनखल पुलिस अपने स्तर से हाईवे के गहरे गड्ढों को पाटने में लगी रही। थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण ने बताया कि राजमार्ग प्राधिकरण से कई बार संपर्क करने के बाद भी उन्होंने गड्ढों को नहीं भरा।
फोटो समाचार
गड्ढे में फंसी कार, बनी रही जाम की स्थित
हरिद्वार। हाईवे पर सिंहद्वार के पास आठ से दस कारें गहरे गड्ढे में फंस गई। कनखल थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण सहित पुलिस कर्मियों ने गड्ढे में फंसी कार को धक्का लगाकर बाहर निकलवाया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ईंट, पत्थर आदि डलवाकर गड्ढों को भरवाया। इसके बाद हाईवे पर शाम के समय वाहनों का आवागमन सामान्य हो पाया।