अमर उजाला ब्यूरो
धनौरी। क्षेत्र मे एक बार फिर गुलदार की दस्तक से ग्रामीण दहशत में हैं। शनिवार सुबह गुलदार ने माच्छरहेड़ी गांव के आबादी क्षेत्र के समीप एक कुत्ते पर झपटा मार कर उसे अपना निवाला बना लिया। वहीं कोटा मुरादनगर गांव में भी खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने भी गुलदार देखा है।
करीब तीन माह से धनौरी में गुलदार की दहशत थमी हुई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब गुलदार धनौरी क्षेत्र की सीमा से बाहर निकल गया है, लेकिन शनिवार सुबह फिर गुलदार का कुत्ते को निवाला बनाने से आबादी क्षेत्र आसफनगर, माच्छरहेड़ी, कोटामुराद नगर के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं शनिवार सुबह अपने खेतों में जा रहे किसानों ने गुलदार की सक्रियता को देखते हुए घर लौट आए।
ग्रामीण मुकेश, अरविंद, सोनू, इसम सिंह, कुर्बान, वाजिद, वेदपाल, देवेंद्र आदि ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी के समीप पिंजरा लगाने की मांग की है। वहीं खानपुर रेंज के रेंजर मुकेश कुमार का कहना है कि इसके लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्दी ही गांव के समीप पिंजरा लगा दिया जाएगा। क्षेत्र में वनकर्मियों को चौबीस घंटे गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि गश्त के दौरान कोई वनकर्मी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।