राजेश शर्मा
हरिद्वार।
नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में जो भी इलाके सीवरेज लाइन डालने से बच गए हैं, उस क्षेत्र के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। अभी तक सीवरेज से वंचित इन इलाकों और नगर निगम के विस्तारित इलाके के लिए प्रशासन ने सीवरेज लाइनें डालने का प्रस्ताव तैयार किया है। करीब साढ़े पांच सौ करोड़ का यह प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। शीघ्र ही इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
गंगा तटीय शहरों को सीवरेज से युक्त करने के सरकार के संकल्प के अनुसार हरिद्वार में पिछले कई वर्षों से सीवरेज लाइनें डालने का काम तेजी से चल रहा है। अभी भी भमगोड़ा, खडख़ड़ी, सप्तसरोवर समेत उत्तरी हरिद्वार के साथ ही पुराना औद्योगिक क्षेत्र इंदिरा बस्ती आदि नगर निगम क्षेत्र का करीब 20 प्रतिशत से ज्यादा क्षेत्र अभी तक सीवरेज की सुविधा से वंचित है।
जनता की ओर से लगातार इन क्षेत्रों में सीवरेज सुविधा मुहैया कराने की मांग उठाई जाती रही है। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर प्रशासन की ओर से एक प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है जिसमें हरिद्वार नगर निगम के मौजूदा क्षेत्र के बचे हुए हिस्से के साथ ही हाल ही में विस्तार किए गए इलाके को भी इस नए प्लान में शामिल किया गया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए करीब 550 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया है। इस प्रस्ताव को वित्तीय अनुमति मिलने की अंतिम प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही अनुमति मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पूरा नगर निगम क्षेत्र सीवरेज व्यवस्था से युक्त करा दिया जाएगा।