ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
शांतिकुंज द्वारा संचालित निर्मल गंगा जन अभियान के अंतर्गत बनाए गए गंगा सेवा मंडलों के प्रशिक्षण के लिए बुधवार को पांच सदस्यीय टोली शांतिकुंज से रवाना हुई। ये टोली बिजनौर से उन्नाव के बीच पड़ने वाले शहरों में निर्मल गंगा जन अभियान में जुटे स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करेगी। इस टोली में योगेन्द्र गिरि, सदानंद अंबेकर, अशोक सिंह, संजय त्यागी और रवींद्र शामिल हैं।
शांतिकुंज प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या और शैलदीदी ने बुधवार को मंगल तिलक कर टोली को रवाना किया। डॉ पण्ड्या ने कहा कि गायत्री परिवार द्वारा संचालित निर्मल गंगा जन अभियान में लाखों स्वयंसेवक जुटे हैं। इसके अंतर्गत 2525 किमी की दूरी तय करने वाली पतित पावनी गंगा को निर्मल, स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए स्वयंसेवक सेवारत हैं। उन्होंने कहा कि टोली हरिद्वार से लेकर उन्नाव तक के 16 जिलों में कार्यरत गंगा सेवा मंडलों को प्रशिक्षण देगी। इसके साथ ही प्रत्येक जिलों में गोद लिये हुए गांव और घाटों पर नियमित रूप से रचनात्मक और जनजागरण की गतिविधियों को संचालित करने की रूपरेखा की चर्चा कर क्रियान्वयन करेगी। शांतिकुंज के रचनात्मक प्रकोष्ठ के समन्वयक केदार प्रसाद दुबे ने बताया कि इस टोली का कार्यक्रम अब तक 20 नवंबर तक तय है। उन्होंने बताया कि टोली आगामी कार्तिक पूर्णिमा को संपन्न होने वाले विशेष मेलों में निर्मल गंगा जन अभियान के स्टाल लगाकर निरंतर स्वच्छता और जन जागरण का काम करेगी।