पुराना औद्योगिक क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण का मुद्दा जनसुनवाई में पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।
जन सुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड जैसी समस्याएं दर्ज की गईं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा जन सुनवाई में दर्ज समस्याओं का त्वरित और समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में कई विशिष्ट शिकायतें भी सामने आईं। गेन्डीखाता निवासी बजीर अली ने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला में सरकारी नलकूप 99 जी को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। तेजेंद्र सिंह ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।
यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुनतवीर ने खेतों में गंदे पानी से फसल खराब होने की शिकायत की। उन्होंने इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की। मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत रोहालकी किशनपुर में रास्ते के खसरा नंबर 250, 249 और 294 पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया। मोहम्मद जाकिर ने ग्राम इक्कड़ खुर्द में अपने घर से अकील के घर तक 100 फुट सड़क बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।