हरिद्वार। धर्मनगरी के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर इस्तेमाल किए जा रहे 42 घरेलू गैस सिलिंडर पकड़े गए हैं। पूर्ति विभाग की ओर से चलाए गए चेकिंग अभियान में पकड़े गए सिलिंडर जब्त किए गए। इस कार्रवाई से घरेलू सिलिंडर जब्त करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह के नेतृत्व में शहर में बस अड्डे व रेलवे स्टेशन के निकट घरेलू गैस सिलिंडर के दुरुपयोग, व्यवसायिक प्रयोग एवं कालाबाजारी को रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें टीम की ओर से 35 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। 27 प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान कुल 42 घरेलू गैस सिलिंडर मिले। जिन्हें टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया। 30 गैस सिलिंडर प्रतिष्ठानों में प्रयोग किए जा रहे थे, जबकि, 12 गैस सिलिंडर गोदाम में रखे गए थे। सुरक्षा को देखते हुए पुष्पक गैस सर्विस ज्वालापुर एवं गैंदा गैस सर्विस बहादराबाद के हवाले सुपुर्द किया गया।
जिलापूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। जिसमें होटल, ढाबों पर इस्तेमाल होने वाले घरेलू गैस सिलिंडरों को जब्त किया जाएगा।