अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हरकी पैड़ी क्षेत्र से राजस्थान एवं एक पाकिस्तानी किशोर के गायब होने से अफरा-तफरी मच गई। रोते-बिलखते मिले दोनों किशारों को व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिन्हें बाद में पुलिस ने उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया। पाकिस्तानी किशोर के गायब होने की सूचना पर आला अफसर भी सक्रिय हो गए थे।
राजस्थान के जोधपुर जिले एवं पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से श्रद्धालुओं का जत्था हरिद्वार घूमने आया हुआ है। कनखल के हरेराम आश्रम में ठहरे जत्थे के सदस्य सोमवार को हरकी पैड़ी पर पहुंचे थे। इसी दौरान जत्थे में शामिल दीपक पुत्र हंसराज निवासी वैष्णव नगर जोधपुर राजस्थान और किशन पुत्र चेनाराम निवासी जिला रहमयाररखां पंजाब प्रांत पाकिस्तान जत्थे से बिछुड़ गए। जत्थे में शामिल लोगों ने किशोरों के बिछड़ने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस तुरंत उनकी तलाश में जुट गई। इसी दौरान अपर रोड पर रोते बिलखते मिले किशोरों को व्यापारी वर्ग ने कोतवाली पहुंचा दिया। कुछ ही देर में हरकी पैड़ी चौकी पुलिस को किशोरों के कोतवाली में होने की जानकारी मिली तो राहत की सांस ली। इधर, हरकी पैड़ी चौकी पर डटे परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि किशोरों को उनके मामा त्रिलोक चंद्र के सुपुर्द कर दिया गया। बताया कि पाकिस्तानी यात्री जोधपुर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के साथ घूमने आए हुए हैं।