अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रोडवेज बस अड्डे की शिफ्टिंग का विरोध कर रहे व्यापारियों ने सरकार की ओर से शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेने पर बाजार बंद करने जैसा कदम उठाने की चेतावनी दी है। वहीं यहां आए परिवहन मंत्री यशपाल आर्य को भी ज्ञापन सौंपकर बस अड्डा यथावत रखने की मांग की गई।
हरिद्वार में रोडवेज बस अड्डे के पास एक होटल में बैठक करते हुए व्यापारियों ने आंदोलन के लिए अगली रणनीति तय की। व्यापारी नेता अशोक शर्मा ने बताया कि रोडवेज बस अड्डे को यथावत रखने को राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, ऐसे में अब व्यापारी एकजुट होकर बाजार बंद कराएंगे। बैठक में रमेश अरोड़ा, नाथीराम, जितेंद्र चौरसिया, लब्बल मनोचा, राजू अग्रवाल, गौरव शर्मा, गौरव अरोड़ा, अशोक कुमार, गुलबहार सलमानी, सुरेंद्र अरोड़ा, दीपक अरोड़ा, धनपाल आहूजा आदि शामिल हुए।
वहीं दूसरी ओर महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी एवं शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव नैयर ने प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां पहुंचे परिवहन मंत्री यशपाल आर्य को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में रोडवेज बस अड्डा को यथावत रखने की मांग की। परिवहन मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में कमल बृजवासी, राजेश सुखीजा, प्रीत कमल, आकाश भाटी, विपिन चौधरी, जसवंत थरेजा, जितेंद्र चौरसिया, अजय वाधवा, रोहित नेगी उपस्थित रहे।