डॉ. उनियाल और डॉ. गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप में देशभर से 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी जुटे। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (आरएसईएसए) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेद की उपलब्धियों, शोध, शिक्षा, चिकित्सा सेवाओं और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक चिकित्सा परंपरा है। इसे आधुनिक आवश्यकताओं और वैज्ञानिक अनुसंधान के अनुरूप आगे बढ़ाने की जरूरत है। सरकार आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने बताया कि ऋषिकुल परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की योजना अंतिम चरण में है।
कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान और चिकित्सकीय सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयासरत है। निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह और परिसर निदेशक डॉ. ओपी सिंह ने ऋषिकुल की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए पूर्व विद्यार्थियों से संस्थान के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. बीके अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर आयुर्वेद के विकास और संस्थान की बेहतरी के लिए काम करेगा। वहीं ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार ने आयुर्वेदिक औषधियों की गुणवत्ता, शुद्धता और मानकीकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम में आयुर्वेदिक औषधियों और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम के सचिव एवं संयोजक डॉ. वेद भूषण शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। डॉ. किशोर गोयल ने संस्था की गतिविधियों के संचालन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। मंच संचालन डॉ. मनीषा और डॉ. पारुल शर्मा ने किया। प्रचार मंत्री डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।