हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में मतदान के एक दिन पहले जिला प्रशासन की ओर से चुनाव स्थगित कराने के विरोध में एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने चंद्राचार्य चौक पर जाम लगाते हुए जिला प्रशासन पर सत्ता के दबाव में काम करने आरोप लगाया। धरना स्थल नायब तहसीलदार को चूड़ियां डालकर ज्ञापन सौंपा।
चुनाव स्थगित करने की सूचना मिलते ही चुनाव में मैदान में उतरे प्रत्याशी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ गया। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए चंद्राचार्य चौक पर जाम लगा दिया। इस मौके पर वरुण बालियान ने कहा कि कालेज प्रशासन नियमानुसार छात्रसंघ चुनाव करा रहा था, लेकिन एबीवीपी ने छात्रों पर दबाव बनाकर उनके नामांकन करा दिए। नामांकन पत्रों में कमी मिलने पर उन्हें कमेटी ने खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में निरस्त किया। अब हार होते देख सत्ताधारी पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक बनाने में लगी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुहेल अख्तर ने कहा कि अधिकारी अपने विवेक से काम नहीं कर रहे हैं। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव वसीम सलमानी, शहर अध्यक्ष सुमित त्यागी ने कहा कि एबीवीपी ने सभी कालेजों में अराजकता का माहौल बनाया हुआ है। गुरुकुल कांगड़ी विवि में दो प्रत्याशियों कर अपहरण इसका उदाहरण है। वहां पर भी हार देखते हुए चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाली। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के दौरान नायब तहसीलदार चित्र कुमार त्यागी उनका ज्ञापन लेने पहुंचे। ज्ञापन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि कालेज में चुनाव प्रक्रिया बहाल नहीं की गई तो सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर युवक कांग्रेस के जिला महासचिव अरशद ख्वाजा, गौरव वर्मा, कालेज प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी, ओमप्रकाश, शगुन क्षोत्रिय, सोएब अहमद, अशरफ, उमंग सिंघल, शिवम खेवड़िया, दिनेश शर्मा, पार्थ खुराना, नेहा शर्मा, प्राची तिवारी, नेहा राठौर, अथर अंसारी, विनय शाह, सलीम ख्वाजा, अनीस खान, ताहिर कुरैशी, वरुण भारद्वाज, सचिन कश्यप आदि शामिल हुए।
----------------------
जाम खुलवाने में पुलिस को बहाना पड़ा पसीना
एनएसयूआई के प्रदर्शन से चंद्राचार्य चौक पर चारों तरफ से जाम लग गया। दोपहर के समय जाम लगने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। इसी दौरान चौराहे पर कूड़े के वाहन जाम के फंस गए और दुर्गंध उठने लगी। करीब आधा घंटे बाद पुलिस को जाम खुलवाने के लिए पसीना बहाना पड़ा। जाम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली।