ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
अपहृत बताए जा रह गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का प्रत्याशी मनीष कुमार और सचिव पद का प्रत्याशी राहुल कटियार बुधवार को देर रात लौट आए। कनखल थाने पहुंचे प्रत्याशियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें अज्ञात लोग अपने साथ ले गए थे और देहरादून ले जाकर छोड़ दिया। नामजद आरोपी छात्रों को उन्होंने क्लीन चिट दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
बुधवार को नामांकन वापसी के दिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनीष कुमार और सचिव पद के प्रत्याशी राहुल कटियार विवि के गेट नंबर पांच के पास चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान उनका अपहरण होने की सूचना कुछ छात्रों ने पुलिस को दी। देखते ही देखते विवि में अफरा तफरी मच गई थी। इधर, सूचना मिलने के बाद कनखल पुलिस हरकत में आ गई थी। देर शाम एक छात्र प्रांजल गुप्ता ने छात्रों के अपहरण का आरोप छात्रसंघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर, पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान, चर्चित वालियान, प्रभात पंवार, राहुल गुर्जर, अजय कुमार के खिलापु कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इधर, विव प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। देर रात तक पुलिस पर छात्रों को बरामद करने का दबाव बना हुआ था। नामजद आरोपियों की धरपकड़ में पुलिस जगह जगह दबिश दे रही थी। रात दो बजे अपहृत बताए जा रहे प्रत्याशी खुद ही थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ लोग कार में बैठाकर देहरादून ले गए थे और काफी देर तक घूमाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। दोनों ने कहा कि उनमें से किसी को नहीं पहचानते हैं। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि प्रत्याशियों ने नामजद आरोपियों को क्लीन चिट्ट दी है लेकिन फिर भी पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।