हरिद्वार। जिला कारागार हरिद्वार में आजीवन की सजा काट रहे पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले एक कैदी अनूप गौड़ ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मौत के बाद अपने अंगदान करने की इच्छा जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी, जेल अधीक्षक के साथ पत्र की प्रति भेजी है।
हत्या के एक मामले में अनूप गौड़ पुत्र सच्चिदानंद निवासी घमंडपुर कोटद्वार जिला पौड़ी गढ़वाल जिला हरिद्वार के कारागार में आजीवन सजा काट रहा है। मंगलवार को राज्यपाल को भेजा गया ज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें अनूप गौड़ ने लिखा है कि वह मौत के बाद अपने अंगों को दान करना चाहता है। जेल अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि आधिकारिक तौर पर उन्हें कोई पत्र नहीं मिला है, अलबत्ता अनूप गौड़ नाम कैदी जेल में सजा काट रहा है।