हरिद्वार।
मुजफ्फरनगर- हरिद्वार हाईवे पर बन रहे फ्लाई ओवरों का काम 31 मार्च बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। पिछले महीने 16 तारीख को डीएम के निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि 31 मार्च तक पतंजलि और ज्वालापुर के पास बन रहे फ्लाई ओवरों को यातायात के लिए तैयार कर लिया जाएगा। पतंजलि के पास बन रहे फ्लाई ओवर में अभी कई दिन लग सकते हैं। ज्वालापुर में एक साइड को यातायात के लिए खोल दिया, लेकिन यहां हादसे का अंदेशा बना हुआ है। सिंहद्वार पर बन रहे फ्लाई ओवर को अभी पूरा होने में महीने भर का समय और लगेगा।
16 मार्च को एनएचएआई और एरा कंपनी के अधिकारियों ने तीनों फ्लाई ओवरों को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले यातायात के लिए तैयार करने का दावा किया था। अधिकारियों ने तब दावा किया था कि पतंजलि के समाने बन रहे फ्लाई ओवर की एक साइड को दस दिन में, ज्वालापुर में एक साइड 31 मार्च तक और सिंहद्वार को 30 अप्रैल तक पूरा करके देने का वादा किया। निरीक्षण के 15 दिन पूरे होने के बाद पतंजलि के सामने बन रहे फ्लाई ओवर की कोई भी साइड चालू नहीं हो सकी है। अधिकारी अब दस दिन के बाद चालू करने का दावा कर रहे हैं। वहीं ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के सामने बन रहे फ्लाई ओवर की मंडी की साइड को चालू कर दिया है, लेकिन अभी यह अधूरी ही है। फ्लाई ओवर पर बिना तारकोल के लेप के डाली गई कंक्रीट पर वाहन चलवाने शुरू कर दिए हैं। इससे उठ रही धूल से आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी फ्लाई ओवर के पास मंडी वाले अंडर पास को भी पूरा नहीं किया जा सका है।
------------
सिहंद्वार पर मिट्टी डलवाने का काम जारी
सिंहद्वार पर बन रहे फ्लाई ओवर का ज्वालापुर की तरफ का अधिकांश निर्माण काम पूरा हो चुका है, लेकिन प्रेमनगर पुल की तरफ अभी तक मिट्टी भराव का काम भी पूरा नहीं हो सका है। डीएम दीपक रावत ने मिट्टी भराव के लिए 15 दिन का समय दिया था। एरा कंपनी के बिजनेस हेड डीसी मैंडोलिया ने 30 अप्रैल तक सिंहद्वार फ्लाई ओवर का काम पूरा करने देने का वादा किया था। जिस गति से काम चल रहा है उससे उम्मीद नहीं कि 30 अप्रैल तक काम पूरा हो जाएगा।
---------------------
नहीं हटाया जा सका अतिक्रमण
दूधाधारी चौक से भूपतवाला के बीच में पक्के अतिक्रमण को चार महीने बाद भी हटाया नहीं जा सका है। पावन धाम की कुटिया से शांतिकुंज पुलिस बैरियर के बीच जिलाधिकारी दीपक रावत के निर्देश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। हाईवे पर सीवर लाइनों की मरम्मत नहीं हो सकी है। अतिक्रमण न हटाए जाने से सर्विस रोड बनाने का काम शुरू नहीं हो सका है। यहां पर सर्विस रोड नही बनने से यातायात संचालन करना मुश्किल हो जाएगा।
-------------------
ज्वालापुर में बन रहे फ्लाई ओवर की एक साइड चालू कर दी है। पतंजलि के सामने के फ्लाई ओवर को अगले दस दिनों में चालू करने की उम्मीद है। सिंहद्वार के फ्लाई ओवर पर तेजी से काम चल रहा है। उम्मीद है कि अप्रैल महीने के अंत तक तीनों फ्लाई ओवरों पर यातायात चालू हो जाएगा।
- पीएस गुसाई, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।