हरिद्वार।
यात्रियों और पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से लगातार दूसरे दिन भी धर्मनगरी जाम के झाम में फंसे रही। हाईवे से लेकर शहर के अंदर लोगों को चंद कदम चलने में पसीना बहाना पड़ा। आला अफसर भी जाम से निपटने के लिए हाईवे पर उतरे, लेकिन सफल नहीं हुए । यह स्थिति तब है जबकि चारधाम यात्रा शुरू नही हुई और पर्यटन सीजन भी दूर है। इससे साफ है कि यदि समय रहते ट्रैफिक प्लान नहीं बनाया तो 18 अप्रैल के बाद स्थिति और विकराल हो जाएगी।
सरकारी कार्यालयों में लगातार चार दिन अवकाश रहा। छुट्टियां होने और पूर्णिमा का स्नान के चलते बृहस्पतिवार से बड़ी संख्या में यात्री और पर्यटकों का यहां पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार को सुबह से ही जाम लगने लगा था। इसके बाद भी प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने सबक नहीं लिया। इसका खामियाजा लोगों को शनिवार को भी भुगतना पड़ा। हाईवे पर सुबह से ट्रैफिक रेंगरेंग कर चल रहा था। जैसे-जैसे दिन चढ़ा वाहनों का दबाव बढ़ता गया और जाम लगने लगा। दिन के समय चिलचिलाती और जाम ने लोगों की दिक्कतें कई गुना बढ़ा दी। हाईवे पर धूल अलग से परेशान कर रही है। निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास सर्विस रोड पर ट्रैफिक सिंगल लेन में चल रहा है। इसकी वजह से भी जाम लग रहा है। मोतीचूर रेलवे फाटक से पहले की भी यही स्थिति है, वहां भी सिंगल लेन है। शहर भर में हाईवे से जुड़ रहे संपर्क मार्गों से जब शहर का यातायात हाईवे पर चढ़ता है तब तक जाम की स्थिति बनती है। शहर के अंदर भी स्थिति ठीक नहीं रही। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अपर रोड, ललतारौपुल, शिवमूर्ति चौक, पोस्ट ऑफिस, अपर रोड, हरकी पैड़ी, भीमगोडा, खड़खड़ी, भूपतवाला में जाम लगता रहा।