हरिद्वार। यूपी की तर्ज अब उत्तराखंड के भी कुष्ठ रोगियों को ढाई हजार रुपये मासिक निर्वाह भत्ता मिलने की उम्मीद जगी है। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आश्वासन दिया है कि राज्य में भी कुष्ठ पीड़ितों का निर्वाह भत्ता बढ़ाकर ढाई हजार किया जाएगा।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं यूपी के राज्यपाल श्रीराम नाईक ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि केंद्र सरकार के ओर से कानून बनाए जाने के बावजूद तमाम राज्य सरकारें कुष्ठ पीड़ितों को बेहद कम निर्वाह भत्ते का भुगतान कर रही है। कहा कि यूपी सरकार की ओर से वर्तमान में 2250 रुपये मासिक दिया जा रहा है जो अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है। कार्यक्रम के दौरान मंच से भी यह आवाज उठी कि उत्तराखंड के कुष्ठ पीड़ितों को भी यूपी की तर्ज पर निर्वाह भत्ता दिया जाए। इस पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हामी भर दी। इतना ही नहीं बाद में मीडिया से रूबरू कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में सीएम से वार्ता कर कुष्ठ रोगियों को 2500 रुपये मासिक निर्वाह भत्ता दिलाने का प्रयास करेंगे।