हरिद्वार। रानीपुर और शहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। कुल 292 किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सत्यापन नहीं कराने वाले 18 मकान मालिकों पर पुलिस एक्ट के तहत कुल एक लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही 24 संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों पर कार्रवाई कर छह हजार जुर्माना वसूला गया।
रविवार की सुबह रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में अशोक वाटिका कॉलोनी, साईंधाम कॉलोनी, प्रीत विहार कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र और सुमननगर में किरायेदारों, मजदूरों, घरेलू नौकरों, रेहड़ी-ठेली वालों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की जांच की गई। इस बीच 185 लोगों का मौके पर सत्यापन किया। बिना सत्यापन के किरायेदार और घरेलू नौकर रखने पर नौ मकान मालिकों के खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत 90 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए। छह संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत 1500 रुपये के नगद चालान काटे गए।
उधर, शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा की अगुवाई में अपर सड़क, औद्योगिक क्षेत्र, इंदिरा बस्ती, निर्मला छावनी, रोड़ीबेलवाला, खड़खड़ी और हर की पैड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर 107 लोगों का सत्यापन किया गया। सत्यापन नहीं कराने वाले नौ मकान मालिकों के 90 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए। प्रत्येक का 10-10 हजार का चालान किया गया। साथ ही 18 बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत 4500 रुपये के चालान किए गए।