ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
राजकीय विद्यालयों में अनियमितताओं का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय जियापोता का औचक निरीक्षण किया तो अनियमितता सामने आईं। इस पर प्रधानाध्यापक से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब न देने पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी के निरीक्षण में भोजनमाता विद्यालय में अनुपस्थित मिलीं। सत्र शुरू हो गया है और बच्चों को अब तक स्कूल ड्रेस नहीं दी गई। विद्यालय अनुदान की धनराशि से पूर्व प्रधानाध्यापक को भुगतान किया गया। विद्यालय की एसएमसी पासबुक और मध्याह्न भोजन योजना पासबुक में नहीं दर्शाई गई है, जिससे इसमें धनराशि की गड़बड़ी होने की संभावना है। विद्यालय अनुदान से कराए जाने वाले कार्य संतोषजनक नहीं हैं। कार्यों में कई अनियमितता है। ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानाध्यापक से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी रानीमाजरा और जियापोता में राजीकय विद्यालयों में भी निरीक्षण के दौरान खामियां सामने आने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था।