ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर
सड़क दुर्घटना में मारे गए एक ही परिवार के तीन लोगों की अर्थियां जब अंतिम संस्कार के लिए उठी तो कोहराम मच गया। सोमवार देर रात ही तीनों के शवों का नम आंखों के बीच अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए इलाके भर से भारी तादाद में ग्रामीण एकत्र हुए।
क्षेत्र के सजनपुर गांव के तीन लोग बृजभूषण, मंजीत और जयसिंह की बिजनौर से भात देकर लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत हो गई थी। तीनों के शव सोमवार देर शाम सजनपुर पीली गांव में लाए गए तो गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने रात में ही उनके शवों का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। जब एक साथ तीन अर्थियां उठाई गई तो चारों ओर मातम छा गया। आसपास के गांव से भारी तादाद में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचे। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, कांग्रेसी नेता गुरजीत लहरी, ग्राम प्रधान मेनका रानी, ग्राम प्रधान शकुंतला चौहान, अजय चौधरी, सत्य प्रकाश, खिलेंद्र कुमार, राहुल चौधरी, अनिल चौहान, कुलदीप चौधरी आदि ने मृतक परिवार के घर पहुंच कर शोक जताया।