अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर।
वन विभाग की चिड़ियापुर रेंज के प्राथमिक विद्यायल लाड़पुर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत वन गुर्जरों और ग्रामीणों के साथ अग्नि सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वन विभाग के अधिकारियों ने जटपुरा, लाड़पुर के ग्रामीणों और वन गुर्जरों को जंगलों को आग से बचाने के टिप्स दिए।
चिड़ियापुर के वन क्षेत्राधिकारी एस भंडारी ने ग्रामीणों और जंगल में बसे वन गुर्जरों को बताया कि फायर सीजन में अगर किसी कारण से जंगल में कहीं पर भी आग लगी हुई दिखाई देती है, तो उसकी सूचना तुरंत वन विभाग के कार्यालय अथवा अधिकारियों को देनी चाहिए। ताकि समय से आग पर काबू पाकर जंगल को आग से बचाया जा सके। जहां तक संभव हो सके जंगल में लगी आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों को भी मदद के पीछे नहीं हटना चाहिए। ग्रामीणों और वन गुर्जरों को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि वे फायर सीजन में जंगली क्षेत्र के आसपास आग न जलाए। जंगलों में आग लगने की स्थिति में पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो जाते हैं और जंगली जानवर भी आग की चपेट में आ जाते हैं। गोष्ठी में ग्रामीणों ने आग बुझाने में वन विभाग की पूरी मदद करने का भरोसा दिला। गोष्ठी में चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर के प्रभारी राम सिंह मीना, वन दारोगा सुंदर लाल, रविंदर गुसाईं, वन बीट अधिकारी मनोज, मुकेश, स्कूल के शिक्षक आदि मौजूद रहे।