ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
देहरादून में भर्ती हुए चार नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें कड़च्छ, भगवानपुर, ढंडेरा एवं रुड़की से एक-एक मरीज हैं। अभी तक हरिद्वार जिले में आठ नए डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं।
जिले में लगातार लोग डेंगू के डंक की चपेट में आ रहे हैं। लार्वा फैलने से रोकने में जिला मलेरिया विभाग के साथ मुख्य नगर स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हो रहा है। हालांकि अभी तक रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र में डेंगू के मरीज सामने आ रहे थे। मगर अब हरिद्वार क्षेत्र में भी डेंगू के मरीजों के मामले आ रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि हरिद्वार जनपद के जिन मरीजों ने देहरादून के अस्तपालों में इलाज कराया है, उनमें चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से ज्वालापुर के कड़च्छ, भगवानपुर, ढंडेरा, रुड़की से एक-एक मरीज हैं। अब जनपद हरिद्वार में डेंगू से पीड़ित आठ नए मरीज आए हैं। इनमें से दो मरीज जमालपुर कलां से और अन्य मरीज रुड़की क्षेत्र से आए हैं।