हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि लोकसभा चुनाव में देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की लहर चल रही है। इस बार भी प्रचंड बहुमत से साथ भाजपा की सरकार बननी तय है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल पूरी तरह सफल रहा है। जिसका असर पूरे देश में दिखाई दे रहा है।
उड़ीसा में भाजपा के पक्ष में प्रचार करके लौटे शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक रविवार की देर शाम अब यूपी में पार्टी हाईकमान के निर्देश पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए रवाना हुए। पार्टी हाईकमान ने उनके चुनाव प्रबंधन को देखते हुए इस बार उन्हें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के साथ प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। लखनऊ रवाना होने से पहले पत्रकारों से वार्ता करते हुए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मोदी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को नई पहचान दी है। मोदी सरकार की कार्यप्रणाली का छाप आम जनता के मन मस्तिष्क पर साफ दिखाई दे रही है। मतदान के दौरान उत्तराखंड और उड़ीसा समेत सभी राज्यों में साफ दिखाई दिया कि जनता मोदी सरकार के कामकाज से पूरी तरह प्रभावित है। यही वजह है कि लोग मोदी सरकार की वापसी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 23 मई को जब लोकसभा चुनाव के परिणाम सामने आएंगे तो विपक्ष को भारी मायूसी मिलेगी। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी।