ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई कालोनियों में सड़क निर्माण के लिए लोगों का वर्षों का इंतजार समाप्त हो गया है। राज्य योजना और एससीएसपी के अंतर्गत 17 करोड़ रुपये की लागत से न्यू सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, कड़च्छ, रावली महदूद आदि जगह के लिए सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
विधायक आदेश चौहान के अनुसार राज्य योजना के अंतर्गत पुल जटवाड़ा से त्रिमूर्ति नगर होते हुए बसपा कार्यालय तक 3 करोड़ 60 लाख 29 हजार रुपये की लागत से 2.45 किलोमीटर, टिहरी विस्थापित कॉलोनी में शिव मंदिर से बरसाती नाले तक सड़क के दोनों ओर 44 लाख 13 हजार रुपये से 1.15 किलोमीटर नाले का निर्माण, भेल बैरियर छह से रावली महदूद तक 3 करोड़ 26 लाख 66 हजार रुपये की लागत से 3.288 किलोमीटर सड़क, टिहरी विस्थापित कॉलोनी भेल संख्या तीन में शिव मंदिर से न्यू सुभाष नगर मुख्य मार्ग तक 60 लाख 90 हजार रुपये की लागत से 1.15 किलोमीटर लंबी सडकी का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण, रावली महदूद में चौहान मार्किट की मुख्य सड़क का 44 लाख 48 हजार रुपये की लागत से 30 मीटर सड़क का टाइल्स द्वारा पुनर्निर्माण, रामधाम कॉलोनी में 1 करोड़ 17 लाख 58 हजार रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क और नालियों का पुनर्निर्माण, कड़च्छ मोहल्ले से बीएचईएल के बैरियर संख्या चार तक 9 लाख 97 हजार रुपये की लागत से माग का सुदृढ़ीकरण, ग्राम औरंगाबाद से योग ग्राम तक 41 लाख 6 हजार रुपये की लागत से 2.20 किलोमीटर लंबी सड़क और घोलना नदी पर पुल का निर्माण, न्यू सुभाषनगर के आंतरिक मार्गों का एक करोड़ 16 लाख 93 हजार रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण, ग्राम जगजीतपुर में पीठ की पुलिया से जमालपुर की ओर और मेन रोड़ तिराहे से राजा गार्डन की मुख्य सड़क का जमालपुर की ओर 1 करोड़ 65 लाख 79 हजार रुपये की लागत से 2.10 किलोमीटर सड़क का निर्माण और एससीएसपी के अंतर्गत भेल रानीपुर से ज्वालापुर वाल्मीकि बस्ती तक 85 लाख 40 हजार रुपये की लागत से नाला एवं टाइल्स से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
आठ साल बाद पूरा होगा सड़क का सपना
हरिद्वार। पुल जटवाड़ा से त्रिमूर्ति नगर होते हुए बसपा कार्यालय तक जाने वाली सड़क को मंजूरी मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। त्रिमूूर्ति नगर से टिहरी विस्थापित होते हुए शिवालिक नगर स्थित बसपा कार्यालय तक जाने वाली सड़क खस्ता हाल है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने न होने के कारण बरसात में जलभराव हो जाता है। लोग आठ साल से सड़क के निर्माण की मांग को लेकर धरने प्रदर्शन करते आ रहे हैं, लेकिन अब आठ साल बाद सरकार की तरफ से जनता को भारी राहत मिली है। जीतू चौधरी ने बताया सड़क बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। ये जनता के संघर्ष की जीत है। राहुल सैनी ने बताया कि देर से ही सही, लेकिन जनता के हित में निर्णय सराहनीय है। वासुदेव ने बताया कि सड़क निर्माण से स्कूली बच्चों का सबसे ज्यादा राहत मिलेगी।
वाटर वर्क्स कालोनी में सड़क निर्माण का शिलान्यास
हरिद्वार। भगत सिंह चौक के पास स्थित वॉटर वर्क्स कॉलोनी में अमृत योजना के तहत बनने वाली सड़क का लोकार्पण रविवार को भाजपा नेताओं ने विधिवत पूजा अर्चना और नारियल फोड़कर किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पार्षद राजेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को विकास के प्रति समर्पित बताया। पार्षद विमला देवी ने कहा कि क्षेत्र की कोई भी सड़क टूटी नहीं रहने दी जाएगी। इस मौके प पूर्व पार्षद रामेश्वर बड़ोदिया, महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री संगीता गिरि, सचिन बेनीवाल, राज कुमार, देवेंद्र सिंह कुंड़ु, अनिल चौधरी, बाबू सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।
एक सप्ताह में दो बार हुआ शिलान्यास
वॉटर वर्क्स कॉलोनी में जिस सड़क का शिलान्यास रविवार को भाजपा नेताओं ने किया, उसका शिलान्यास पिछले मंगलवार को क्षेत्रीय पार्षद निशा नौडियाल ने भी किया था। निशा नोडियाल निर्दलीय पार्षद हैं, लेकिन उनके द्वारा सड़क का शिलान्यास किया जाना भाजपा नेताओं को रास नहीं आया और उन्होंने शिलान्यास के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर निर्माणकार्य रुकवा दिया था। भाजपा नेताओं का कहना था कि सड़क का निर्माण शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के प्रयासों से किया जा रहा है। उन्होंने ही इसके निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराए हैं। इसलिए उनके प्रतिनिधि ही सड़क का शिलान्यास करेंगे।