अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
पुलिस ने सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने चेताया कि किसी चालक ने हरिद्वार- लक्सर मार्ग पर सड़क किनारे चौपहिया वाहन खड़े किए तो कार्रवाई की जाएगी।
पदार्था में पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क के सामने हरिद्वार- लक्सर मार्ग पर शाम के समय लोगों को जाम से छुटकारा नहीं मिल रहा है। पिछले माह लोगों ने एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को इस समस्या से अवगत कराया था। लोगों ने एसएसपी को बताया था कि शाम को हर्बल पार्क के कर्मचारियों की छुट्टी के दौरान मार्ग पर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम लगता है। सड़क से गुजरने वाले वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहते है। जिस पर एसएसपी ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया था और पुलिस को सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए थे। पुलिस की सख्ती से कुछ दिन तक सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं हुए। इसके बाद फिर से सड़क किनारे वाहन खड़े होने लगे। जिससे मार्ग पर शाम को हर्बल पार्क के कर्मचारियों की छुट्टी के दौरान फिर से जाम लगने लगा है। दूसरी ओर फेरूपुर चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण का कहना है कि शाम को हर्बल पार्क के कर्मचारियों की छुट्टी के दौरान मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं।