हरिद्वार । माता वैष्णो देवी की तर्ज पर अब मां मंसा देवी मंदिर में कुछ व्यवस्थाएं लागू कर दी गई हैं। मंदिर के सभी पुजारियों, पंडितों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। नवसंवत्सर व चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के मौके पर मंसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नव निर्वाचित अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में पूरे मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने और पॉलिथीन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि मंशा देवी मंदिर को उत्तराखंड का सबसे सुंदर मंदिर बनाया जाएगा। इसके लिए यहां की व्यवस्थाओं में आमूलचूल परिवर्तन किया जाएगा। मंशा देवी व इसके आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह पॉलिथीन मुक्त किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष ने कहा कि चैत्र नवरात्र के बाद मंशा देवी मंदिर परिसर और पर्वतमाला में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। महंत रवींद्रपुरी ने बताया कि मंशा देवी मंदिर के सभी पुजारी धोती-कुर्ता सहित पूरी वेशभूषा में रहेंगे। कर्मचारियों के ड्रेस क्या होगी यह अभी तय होना है।
उन्होंने कहा कि मंशा देवी के पैदल मार्ग में जितनी भी दुकानें हैं। वे सब वन विभाग के अफसरों और कर्मचारियों की ओर से लगवाई गई हैं। उसका मंशा देवी मंदिर मंदिर ट्रस्ट से कोई लेनादेना नहीं है। कहा कि मंशा देवी मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों की सुख सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। उचित मूल्य पर पूजा सामग्री मिलेगी। बैठक में ट्रस्टी पंडित प्रदीप शर्मा, तरुण कुमार गांगुली और अरुण शर्मा समेत कई उपस्थित थे।