अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य सरकार को चुनौती दी है कि वह हरिद्वार जनपद में तो क्या पूरे प्रदेश में अपना कोई एक विकास कार्य गिना दे। उन्होंने हरिद्वार में बस अड्डे को सराय में शिफ्ट कराने पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को घेरा। कहा कि 28 फरवरी को देहरादून में होली मिलन समारोह में आमंत्रित करते हुए मदन कौशिक के लिए हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे की विशेष चटनी परोसने की बात कही। उन्होंने सांसद के टिकट की बात हाईकमान के पल्ले में डाल दी।
सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार में फूलों की होली में शामिल हुए। उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में केंद्र से राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि मध्य हरिद्वार को जल भराव से निजात दिलाने के लिए अंडर ग्राउंड पाइप लाइन बिछवाई और पंप लगाया, लेकिन नई सरकार पंप बंद कराकर कांग्रेस की सरकार को कोसने में लगी हुई है। अब यह बताए कि करीब एक साल में जल भराव से निजात दिलाने को कितना काम हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केंद्र में कांग्रेस के 60 वर्ष के विकास कार्य पर सत्ता हासिल की और ऐसे ही राज्य सरकार जनता को प्रलोभन देते हुए सत्ता प्राप्त की। अब केंद्र सरकार के चार साल और राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्य बताए और उसके नाम पर चुनाव मैदान में उतरे। उन्होंने देहरादून में 28 फरवरी को होली मिलन कार्यक्रम में भाजपा को आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि होली मिलन में नीरव मोदी गुलाल, विजय माल्या इत्र, ललित मोदी रंग, खाने में रफेल और रोटोमैक पकौड़े बनवाए हैं। भाजपा वालों के लिए तीन बाल्टी रखी है, जिसमें एक बाल्टी में 15-15 लाख रुपये, दो करोड़ नौकरी और तीसरी बाल्टी में किसानों की आमदनी दोगुनी रखी है। जिसे चाहे वह ले ले। उन्होंने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के लिए रोडवेज बस अड्डे की विशेष चटनी रखने की बात कही। कहा कि मदन कौशिक के लिए यह चटनी सारिका प्रधान घोटा लगाएंगी।