गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राहुल शर्मा ने विवि प्रशासन पर छात्रों की मांगों को अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहुल शर्मा को हिरासत में ले लिया।
बृहस्पतिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग में गौरैया संरक्षण अभियान को लेकर कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राहुल शर्मा कुछ छात्रों के साथ नारेबाजी करते हुए वहां पहुंच गए। कार्यक्रम में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने राहुल शर्मा और नारेबाजी कर रहे छात्रों को शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद छात्र फिर से कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसी बीच राहुल शर्मा ने पेट्रोल से भरी बोतल अपने ऊपर डाल दी। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने उनको पकड़ लिया और मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल शर्मा को हिरासत में ले लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष एसबी घिल्डियाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से राहुल शर्मा को हिरासत में ले लिया गया था, बाद में विवि प्रशासन के बीच बातचीत होने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
कार्यकारिणी को बहाल करने की उठाई मांग
गुरुकुल कांगड़ी विवि के कुलपति कार्यालय में जबरन घुसकर तोड़फोड़ और कुलपति के साथ गाली-गलौज करने के आरोप में विवि प्रशसान ने 11 मार्च को छात्रसंघ कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। विवि प्रशासन ने छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक प्रजापति पर कुलपति कार्यालय में जबरन घुसकर तोड़फोड़ करने और तीन अन्य छात्रों पर गाली गलौज करने के आरोप में कनखल थाने में तहरीर भी दे दी थी। विवि के छात्र तभी से छात्रसंघ संघ की कार्यकारिणी बहाल करने, थाने में दी गई तहरीर वापस लेने और छात्र की 20 सूत्री को मांगों को पूरा करने की मांगों को लेकर आंदोलित हैं।
छात्रों की मांगों के संबंध में छात्रों को शांतिपूर्ण वार्ता के बुलाया गया है। बावजूद इसके छात्र विवि में नारेबाजी कर विवि का माहौल खराब करने को प्रयास कर रहे हैं। कुलपति कार्यालय में अभद्रता करने के आरोप में छात्रसंघ के दो पदाधिकारी सहित पांच छात्रों नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया। लेकिन दो छात्रों ने अभी तक अपना जवाब तक दाखिल नहीं किया गया। सभी छात्रों के जवाब प्राप्त करने के बाद ही छात्रों के निष्कासन आदि के संबंध में आगे की कार्रवाई जाएगी।
- प्रो. दिनेश कुमार, कुलसचिव गुरुकुल कांगड़ी विवि