ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 11 दावेदारों ने नामांकनपत्र लिए लेकिन जमा किसी ने नहीं किया। नामांकनपत्र लेने वालोें में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी डा. अंतरिक्ष सैनी भी शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार की सुबह दस बजे रोशनाबाद स्थित कलक्ट्रेट परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत की देखरेख में नामांकन पत्र प्राप्त करने का कार्य शुरू हुआ। सबसे पहले पिरामिड पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी शंकर भवन बिरला हाउस हरिद्वार निवासी अमित गुप्ता ने नामांकन पत्र प्राप्त किया। इसके बाद निर्दलीय शिशु पाल सिंह निवासी सुमन विहार बापू ग्राम वीरभद्र, ऋषिकेश ने नामांकन पत्र लिया। इनके अलावा रामपुर रुड़की निवासी रहमत अली, डोईवाला देहरादून निवासी त्रिवेंद्र सिंह रावत, ग्राम आमखेड़ी हरिद्वार निवासी रेनू, रुड़की निवासी संजय पाल, बुक्कनपुर लक्सर निवासी धर्मसिंह, ज्वालापुर निवासी मोहम्मद मुर्सलीन कुरैशी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लिया। आंबेड़कर नगर ज्वालापुर निवासी राजन राठौर ने भीम संघ के प्रत्याशी के रूप में और गणेशपुर रुड़की निवासी नरेंद्र चौहान ने भारतीय सर्वोदय पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकनपत्र लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने सभी दावेदारों को चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी कुसुम चौहान और नोडल मीडिया प्रभारी मनोज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।