ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। महिला महाविद्यालय डिग्री कॉलेज में वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन छात्राओं ने देशभक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों की नाटक का मंचन कर सभी को बेहतर समाज बनाने के लिए संदेश दिए।
मुख्य अतिथि एसपी सिटी हरिद्वार कमलेश उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्रसंघ की अध्यक्ष कौसर जहां ने सभी का स्वागत किया। शिव वंदना पर आधारित नृत्य से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्कृत की छात्राओं ने कालिदास के प्रमुख ग्रंथ मेघदूतम नाटक का मंचन किया। साथ ही देशभक्ति का भी संदेश दिया। इसके बाद अर्थशास्त्र विभाग की छात्राओं ने आर्थिक समस्याओं और अंग्रेजी विभाग की ओर से शेक्सपीयर द मर्चेंट आफ वेनीस पर आधारित नाटक का मंचन किया। राजनीति विभाग की ओर से महिला सशक्तीकरण को महिला जागरूकता से सम्बद्ध करते हुए नृत्य और नाटक के मंचन से शानदार प्रस्तुति दी।
शीशराम मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव डॉ. अशोक शास्त्री ने छात्रसंघ परिषद को सांस्कृतिक कार्यक्रम संचालन की बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता और छात्राओं को मंच के माध्यम से सशक्त किया जा सकता है। महाविद्यालय की सचिव डा. वीणा शास्त्री ने छात्रसंघ के रंगारंग कार्यक्रम की सराहना करते हुए महाविद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डाला। प्राचार्या डॉ. शशी प्रभा ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। मंच का संचालन श्रद्धा, शिवानी तथा अर्शी ने किया। इस अवसर पर छात्रसंघ के सदस्य दिव्यानी, भावना, पूजा, निशा और प्रदीप महाराज समेत डा. गीता जोशी, डा. एमडी भास्कर, यासमीन अमीर, डा. प्रीति आत्रेय, डा. प्रेरणा पांडेय, डा. निभा राठी, डा. सुमन चावला, रोहिणी, कल्पना, विभूति, अनुराधा शर्मा, मोतिया, दलसिंह, शिखा गुप्ता, अनुराधा चौधरी, श्रीकांत, अंकित, शुभम, बिजेंद्र, विनीत और सीमा रहीं।