ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों डाक वाहन पहुंचने से फाल्गुन मास का कांवड़ मेला शनिवार को खचाखच भरा रहा। दोपहर से हुई बूंदाबांदी के बावजूद कांवड़ियों का आना और हरकी पैड़ी से जल भरकर लौटना बदस्तूर जारी है।
हरकी पैड़ी से देशभर के हजारों शिवालयों में गंगा जल से भगवान आशुतोष का अभिषेक सोमवार को किया जाएगा। दूर राज्यों में जाने वाले कई पैदल कांवड़िए शुक्रवार देर रात तक लौट गए हैं। गंगा पार रोड़ी बेलवाला का मैदान डाक कावड़ के वाहनों से भरा है। दोपहर में शुरू हुई बारिश में मेला क्षेत्र में कांवड़ियों को परेशानी हुई। भीड़ बढ़ने से कांवड़ियों को अस्पतालों के अहातों और कॉलेजों के मैदान में डेरा डालना पड़ा। गंगा जल भरने के लिए नगर के सभी भागों से कांवड़िए लगातार हरकी पैड़ी की ओर बढ़ रहे हैं। हरकी पैड़ी से शिव सेतु और शताब्दी सेतु होते हुए कांवड़ियों की वापसी चंडीघाट के रास्ते हो रही है। परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति हैं। अपर रोड पर लगे कांवड़ मेला बाजार में निकलने की जगह भी शेष नहीं रह गई है। अपर रोड से भीमगोड़ा तक पैदल कांवड़ियों का भी जाम लग गया है। चूंकि सभी कांवड़ियों को गंगाजल लेने के लिए हरकी पैड़ी पहुंचना है, इसलिए मोती बाजार, बड़ा बाजार और सुभाष घाट पर भी कांवड़ियों की काफी संख्या है। इस बार फाल्गुन मास की कांवड़ का जल सोमवार को चढ़ाया जाएगा।