हरिद्वार ट्रेवल एसोसिएशन व टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन की एक होटल में हुई बैठक में यात्रा वाहनों का रेट निर्धारित न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने अन्य जनपदों के ट्रेवल व्यवसायियों पर अधिक पैसा वसूलने का आरोप लगाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
अरविंद खनेजा ने कहा कि हरिद्वार के ट्रेवल व्यवसायियों के सभी वाहन चारधाम यात्रा के लिए जा चुके हैं। देशभर से हरिद्वार आने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखंड के अन्य जिलों के वाहन मंगवाकर भेजने पड़ रहे हैं, लेकिन अन्य जिलों के ट्रेवल व्यवसायी अपनी मर्जी के पैसा वसूल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में यात्रा का रेट तय न होने के कारण व्यापारियों सहित यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी को समान रूप से वाहन उपलब्ध कराने के लिए एक रेट तय किया जाना चाहिए। एसोसिएशन सदस्य अनुज सिंघल व सुरेंद्र जैन ने कहा कि कई लोग नियमों के विरुद्ध जाकर प्राइवेट वाहनों को ही टैक्सी के रूप में यात्रा के लिए उपयोग कर रहे हैं। शासन और प्रशासन को नियमों के अनुरूप इनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
ट्रेवल व्यवसायी अर्जुन सैनी व धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि हम किसी भी गाड़ी का रेट तय नहीं करते। ऋषिकेश में सयुक्त रोटेशन के रेट निकलने के बाद वाहन के अनुरूप ही रेट निर्धारित किया जाता है। जितनी सीट की गाड़ी होती है, उसी हिसाब से खर्चा जोड़ कर रेट बताते हैं, लेकिन अवैध ट्रेवल अधिक रेट मांगते हैं। इससे अन्य व्यापारियों की भी छवि धूमिल हो रही है।
ट्रेवल एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश पालीवाल व टैक्सी मैक्सी गाड़ियों के अध्यक्ष बंटी भाटिया ने सभी मोटर मालिकों व सप्लायरों से अपील की है कि सभी से एक ही समान रेट मांगे। उन्होंने आम ट्रेवल व्यवसायी से भी कहा कि यदि कोई बाहर से आया मोटर व्यवसायी ज्यादा रेट लेता है या तय होने के बाद सुविधा नहीं देता तो उसके खिलाफ लिखित में एसोसिएशन या एआरटीओ हरिद्वार को शिकायत कर सकते हैं। महामंत्री सुमित श्रीकुंज व कमल पटेल के संचालन में आयोजित बैठक में हरीश भाटिया, विनोद सैनी, भुवन गोस्वामी, चंद्रकांत शर्मा, उमेश दारोगा, पंकज नेगी, महिपाल नेगी, किशोर भट्ट, चंदर कोठारी आदि उपस्थित रहे।