ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
पिछले माह रानीपुर क्षेत्र में सरेराह एक फैक्ट्रीकर्मी को उड़ाने वाली काले रंग की टाटा सफारी कार एक सभासद की बताई जा रही है। सत्तारूढ़ दल के दबाव में रानीपुर पुलिस सभासद को गिरफ्तार करने से बच रही है। इधर, मृतक के परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज जुटा ली है।
घटना शिवालिक नगर के बीकानेर स्वीट शॉप के पास की है। शिवालिक नगर निवासी फैक्ट्रीकर्मी शिवम बड़थ्वाल (27) पुत्र ललित मोहन बड़थ्वाल पिछले माह अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह बीकानेर स्वीट शॉप के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही काले रंग की सफारी कार ने शिवम को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद छिटककर दूर जा गिरा शिवम काफी देर तक तड़फता रहा और फिर सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे जिला अस्पताल भेजा। जहां से हॉयर सेंटर रेफर किया गया। बताया जाता है कि उपचार के दौरान शिवम ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली सफारी कार एक भाजपा सभासद की है और वह शराब के नशे में कार चला रहा था। मृतक के परिजनों ने उस रात एक होटल में शराब पार्टी से लेकर दुर्घटनास्थल तक की सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर ली है। आरोप है कि पुलिस दबाव में कार्य कर रही है। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि कार कब्जे में ले ली गई है। आरोपी चालक को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।