ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
किसानों की विभिन्न मांगों के लिए भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने बुुधवार को सहायक गन्ना आयुक्त के कार्यालय का घेराव किया। प्रशासन पर गन्ना किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी गई। कांग्रेस के नेताओं ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में ज्वालापुर स्थित जिला गन्ना कार्यालय के बाहर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के लिए सहायक गन्ना आयुक्त का घेराव किया। नेताओं ने कहा कि गन्ने का बकाया भुगतान नहीं होने से किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बाद भी प्रशासन किसानों की सुध नहंी ले रहा है। उन्होंने गन्ना तौल के दौरान ओवरलोडिंग के नाम पर गन्ने की छंटाई बंद करने और जल्दी ही शुगर मिल से बकाया भुगतान कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष विकेश चौधरी ने आरोप लगाया कि किसानों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे किसान परेशान हैं। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. संजय पालीवाल ने भी गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर पहुंचकर किसानों का समर्थन किया। कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ हर स्तर पर कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उधर, जिला गन्ना अधिकारी ने शैलेंद्र मोहन ने आश्वासन दिया कि गन्ने का बकाया भुगतान 22 मार्च तक करा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने मिल की ओर से रास्तों को ठीक कराने के लिए तत्काल कार्य शुरू कराने की भी बात कही। इस दौरान पिंटू प्रधान, अखिलेश चौधरी अमित, संजीव कुमार, जय कुमार, सतीश भारद्वज, निशांत, ऋषिपाल, गयूर, अनिल, राजबीर सिह, अनुज शर्मा, अजय त्यागी, कार्तिक शर्मा, राजबीर राणा, रामसिह, आशीष शर्मा, बलराम ठाकुर और अरुण ठाकुर आदि मौजूद रहे।