हरिद्वार। श्री स्वामी भूमापीठाधीश्वर स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज ने कहा कि हमारे सैनिक हमारा गौरव हैं। भारत माता पर शहीद होने वाले जवानों का ऋण देश कभी चुका नहीं सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को आतंकवाद का कड़ा जवाब देना चाहिए।
भूमा पीठाधीश्वर स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की आत्मीय शांति के लिए निकाली गई शांति यात्रा के बाद हरकी पैडी पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार को शीघ्र आतंकवादी देश को करारा जवाब देना चाहिए ।
इस दौरान शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि यह देश उन नौजवानों का देश है जहां भाईचारा, शांति एवं अमन है रग-रग में भरा है। आतंकी हमले को उन्होंने कायरतापूर्वक बताया और कहा कि सरकार आतंकवाद का कड़ा जवाब देने को कृतसंकल्प है। रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने कहा कि हमारे देश के वीर सैनिक अपने प्राणों को न्यौछावर कर देश की सुरक्षा करते हैं । ऐसे जवानों का ऋण देश कभी नहीं भुला सकेगा।
इससे पहले शांति यात्रा रानीपुर झाल के पास स्थित भूमानंद अस्पताल से शुरू हुई। इसमें नर्सिंग कॉलेज और श्री स्वामी भूमानंद पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के छात्र छात्राएं सैनिकों के वेश में नारेबाजी करते चल रहे थे। पुल जटवाड़ा पर पहुंचने पर देवराज सिंह तोमर, अजय गर्ग, राजेंद्र शर्मा, नमिश शर्मा आदि ने यात्रा का स्वागत किया। रास्ते में भी जगह-जगह लोगों ने शहीदों को श्रद्घासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौजूद रहे।