हरिद्वार। भेल स्थित लेबर कालोनी एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऋषिपाल की मौत ठंड से हुई है। सूचना पर पहुंचे कांग्रेसियों ने मृतक की परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हंगामा किया। देर रात तक मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था।
तीन दिन पहले भेल प्रशासन की ओर से लेबर कालोनी में बसे लोगों के घर तोड़ दिए थे। कई परिवार वहीं खुले में किसी तरह से रात काट रहे हैं। बताया जाता है कि कालोनी निवासी ऋषिपाल का कच्चा घर भी अतिक्रमण हटाओ अभियान की चपेट में आया था। तब से उसका परिवार खुले में रह रहा था। बताया जाता है कि उसके पास सर्दी से बचने का कोई इंतजाम नहीं था। बृहस्पतिवार शाम को उसके सीने में अचानक दर्द हुआ। जब तक उसे अस्पताल ले जाते रास्ते में ही ऋषिपाल (45) ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राम विशाल देव, प्रमोद खारी, अनमोल कपिल, गौरव चौहान, रवि बहादुर आदि नेता मौके पर पहुंचे। कांग्रेसियों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए नहीं ले जाने दिया। उन्होंने मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों को बुलाकर मुआवजे दिलाने की मांग की। देर रात तक जिला प्रशासन से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था।