ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
हरकी पैड़ी भीमगोड़ा रोड पर रविवार को सीवर पाइप लाइन टूटने से गंदगी गंगा घाटों पर बहती रही। कांगड़ा पुल के मोड़ पर शीतलामाता मंदिर के पास सीवर चोक हो रही थी और गंदगी सूर्योदय होटल के पास से कांगड़ा घाट पर बहते हुए हर की पैड़ी से आगे गंगा में बहती रही।
इसी तरह से कपूरथला हाउस के सामने हनुमान मंदिर केेेे आगे का मेनहोल और लाइन टूट गई। जनवरी से तीसरी बार ऐसी स्थिति बनी है। भीमगोड़ा से हरकी पैड़ी तक नमामि गंगे योजना में सीवर की नई राइजिंग मेन पाइप लाइन डाली जा रही है। रविवार को हनुमान मंदिर के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान पहले से चोक पुरानी सीवर लाइन टूट गई। अनुरक्षण शाखा जल संस्थान के सहायक अभियंता आरके चौहान ने बताया कि नई सीवर लाइन डालते हुई पुरानी सीवर लाइन के क्षतिग्रस्त होने और चोक होती है तो कार्यदायी संस्था को ही ठीक करना है।