हरिद्वार। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) कुंभ से पहले शहर को विकास के कई तोहफे देने वाला है। करीब तीन सौ करोड़ रुपये से अंतरराज्जीय बस अड्डा, बहुमंजिला पार्किँग और बहुमंजिला व्यवसायिक टॉवर बनाया जाएगा। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने एडीबी सहित अन्य विभागों अफसरों के सोमवार को डामकोठी में बैठक कर इस बारे में चर्चा की।
बैठक में तय हुआ कि वर्ष 2021 में होने वाले कुंभ से पहले एडीबी तीन सौ करोड़ की लागत से विकास कार्य कराएगा। इनमें एक अंतरराज्जीय बस स्टैंड के साथ ही मेले में जाम से निजात दिलाने के लिए बहुमंजिला पार्किंग बनेगी। यह पार्किंग सीसीआर टावर के पास बनेगी। सीसीआर टॉवर की तर्ज पर एक बहुमंजिला व्यावसायिक टॉवर बनाया जाएगा। इस टॉवर में पुलिस के सभी अफसरों के कार्यालय के अलावा वॉयरलेस और कंट्रोल रूम भी होगा। मेला नियंत्रण कक्ष से पुलिस के कार्यालयों को हटाकर मेला संचालित करने वाले अन्य विभागों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
बैठक में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य कुंभ मेला सकुशल संपन्न कराने के साथ अधिक से अधिक स्थायी कार्य कराना भी है। इसके लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की गई है। बैठक में एडीबी के निदेशक चंद्रेश यादव ने कहा इन विकास कार्यों के लिए गैरविवादित भूमि ही उपलब्ध कराई जाए। शहरी विकास मंत्री ने गैर विवादित भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश अफसरों को दिए। उन्होंने कहा कि आज से भूमि का चयन शरू कर दिया जाए। बैठक में हरिद्वार विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया, सचिव केके मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह समेत अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।