हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत रविवार को अभियान चलाया गया। 160 लोगों का मौके पर ही सत्यापन किया गया और बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर छह मकान मालिकों पर 60 हजार का जुर्माना लगाया गया।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि विष्णुलोक कॉलोनी सलेमपुर और सुमन नगर में सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने मौके पर कुल 160 किरायेदार, घरेलू नौकर, मजदूर और अन्य बाहरी लोगों का सत्यापन किया। जांच के दौरान बिना सत्यापन किरायेदार और घरेलू नौकर रखने वाले छह मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10 हजार और कुल 60 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए।
सत्यापन न कराने वाले नौ संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई कर 2250 रुपये के नगद चालान किए गए। सभी को भविष्य में अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और काम करने वाले कर्मचारियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराएं।