राज्य गठन के बाद से हरिद्वार में हाईकोर्ट की सर्किट बेंच खोलने की मांग को लेकर शनिवार को काम नहीं करने का फैसला अधिवक्ताओं ने वापस ले लिया है। जिला बार संघ की बैठक में बुधवार को यह निर्णय लिया गया।
राज्य गठन के बाद हरिद्वार के अधिवक्ताओं ने मांग उठाई थी कि हाईकोर्ट की स्थापना हरिद्वार में की जाए लेकिन ये मांग पूरी नहीं हुई। फिर मांग उठाई थी कि एक सर्किट बेंच की स्थापना हरिद्वार में की जाए। ताकि लोगों को नैनीताल न जाना पड़े। इसी मांग को लेकर हरिद्वार के अधिवक्ता शनिवार को कार्यबहिष्कार करते चले आ रहे थे।
वर्ष 2013 में संघ के अध्यक्ष रहे तरसेम सिंह चौहान के कार्यकाल में भी कुछ दिन शनिवार को कार्य हुआ लेकिन फिर अचानक ही कार्य करना बंद कर दिया गया था। अब पिछले कई दिन से अधिवक्ता शनिवार को कार्य करने के मुद्दे पर मंथन कर रहे थे। आखिरकार बुधवार को जिला बार संघ की महासभा में शनिवार को कार्य करने का प्रस्ताव पटल पर रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। अब अगले शनिवार से अधिवक्ता काम करेंगे। बैठक में बार संघ के सचिव सीताराम आजाद, उत्तम सिंह चौहान, राकेश सिंह, नरेंद्र सिंह चौहान, सुधीर त्यागी, रविंद्र अरोड़ा, तरसेम सिंह, सुधीर त्यागी, राजबीर सिंह, प्रवीण कुमार, सुशील कुमार, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सतीश चौधरी, बबरुभान सिंह, विनय कुमार, शिवकुमार भामा, राजेश राठौर, प्रभाकर गुप्ता, अरविंद श्रीवास्तव, जसमेंद्र मोंटू, अजय आनंद, सुनील कुमार, भूपेंद्र चौहान, वितरंजन सिंह, रमन सैनी, राकेश सैनी, सुभाष राणा आदि मौजूद थे।
------------------------------------
बोले अध्यक्ष
वादकारियों के हित में यह निर्णय लिया गया है। लक्सर और रुड़की के अधिवक्ता शनिवार को काम करते थे अब हरिद्वार के अधिवक्ता भी शनिवार को काम करेंगे। बैंच खोले जाने की मांग पूरी कराने के लिए अब दूसरे तरीकों से आंदोलन किया जाएगा।
कुलदीप सिंह, अध्यक्ष जिला बार संघ
----------------------------------
20 को होंगे बार संघ के चुनाव
बार संघ की महासभा की बैठक में चुनाव के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई और तारीख तय कर दी गई। जिला बार संघ अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि 16 दिसंबर को नामांकन होंगे। 17 को नाम वापसी और फिर 20 दिसंबर को मतदान होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी अनोज गर्ग, सहायक चुनाव अधिकारी मोहम्मद वैश आलम और अनुज शर्मा को दी गई है।