स्वास्थ्य विभाग के सरकारी कर्मचारियों को जनवरी और फरवरी का वेतन नहीं मिल सका है। इनके अलावा उपनल के कर्मचारियों का जनवरी से अब तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो जिला अस्पताल के लैब तकनीशियन और अटेंडेंट का दो महीने से वेतन जारी नहीं हो सका। तीनों विंग के कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देकर वेतन शीघ्र जारी कराने की मांग उठायी। एक हफ्ते में वेतन जारी न करने पर कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है।
सीएमओ के अधीन जनपद के समस्त कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों का जनवरी और फरवरी महीने का वेतन नहीं मिल सका है। मौखिक तौर पर वेतन जारी कराने की कई बार मांग की गई, लेकिन वेतन जारी कराने के लिए कोई कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है। इस पर शनिवार को कर्मचारियों ने डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन जनपद शाखा हरिद्वार के जिलाध्यक्ष पीएस पंवार के नेतृत्व में सीएमओ को ज्ञापन देकर मांग उठायी। इसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, स्टाफ, नर्स, एएनएम, वाहन चालक एवं अन्य स्टाफ का वेतन शामिल है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिला मंत्री मनोज चंद ने कहा कि सीएमओ वेतन जारी कराने में कोई रूचि नहीं ले रहे हैं। इससे समस्त कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि अगले सात दिनों में उनके दो महीने के वेतन को जारी नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर ब्रिजेश कुमार, ओपी उनियाल, विपिन कुमार, बीएस गुसाई, मनोज चंद, अवनीश कुमार, उमेश कुमार, यशपाल, राजकुमार आदि शामिल हुए।
पांच महीने से नहीं मिला उपनल के कर्मचारियों का वेतन
उपनल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पांच महीने का वेतन नहीं मिल सका है। इससे कर्मचारी बेहद परेशान है। उन्होंने सीएमओ को ज्ञापन देकर जनवरी महीने से अब तक वेतन न मिलने से उन्हें घर चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बच्चों की फीस जमा नहीं हो सकी है, इससे बच्चों के साथ उनका भी उत्पीड़न हो रहा है। सीएमओ को ज्ञापन देने वालों में रूपेश कुमार, देव सिंह, सन्नी कुमार, जतिन कुमार, विजय कुमार, नैन सिंह, सुनील कुमार, ऋषिपाल, कपिल आदि शामिल हुए।
लैब तकनीशियन को दो महीने से नहीं मिला वेतन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल में कार्य कर रहे लैब तकनीशियन और अटेंडेंट को अप्रैल एवं मई का वेतन नहीं मिल सका है। उन्होंने जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन जारी करने की मांग की है। उन्होंने अवगत कराया है कि इससे उन्हें आर्थिक समस्या से जूझना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में लाल खान, निशा जैन, किंशुक लाड, निशा बोहरा, रविंद्र, प्रकाश, रजनी चौधरी, अकलीम अंसारी, नवीन, सतीश, वर्णिक आदि शामिल हुए।