हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लिए एक अच्छी खबर है। नीति आयोग ने उसे देश के 115 पिछड़े जिलों में पहली रैकिंग से नवाजा है। दो साल की अवधि में हुए सुधार कार्यों के आकलन में हरिद्वार ने बाजी मारी है। अब उसे इनाम के रूप में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से तीन करोड़ की धनराशि मिलेगी।
नीति आयोग ने यह रैकिंग जिन पांच क्षेत्रों में हुए सुधार कार्यों के आधार पर जारी की है, उनमें स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय साक्षरता एवं कौशल विकास तथा मूलभूत संरचना विकास शामिल हैं। दो साल पहले जारी हुई सूची में हरिद्वार जिले का नाम पिछड़े जिलों की सूची में शुमार था। जिलाधिकारी दीपक रावत ने इस कामयाबी का श्रेय हर विभाग के बीच समन्वय को दिया। उनके मुताबिक हर कैटेगरी में देशभर में पहला स्थान पाने वाले जिले को तीन करोड़ एक मुश्त प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। इस बजट से जिले की सुविधाओं में और विस्तार किया जाएगा।