ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह दो किन्नरों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर बरेली के एक आढ़ती से सोने की दो अंगूठी, एक चेन और 18 हजार की रकम झपट ली। घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहे किन्नरों की धरपकड़ में स्थानीय पुलिस जुट गई है।
घटना बहारपीली में हाईवे पर बने ढाबों के ठीक सामने सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। आढ़ती कमल किशोर गुप्ता पुत्र फिरंगी लाल निवासी रठौरा हाफिजगंज बरेली यूपी अपने परिवार के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आ रहे थे। इसी बीच वह शौच के लिए बहारपीली के पास रुक गए। आरोप है कि इसी दौरान एक किन्नर उन्हें मिला। वह उन्हें कुछ दूर ले गया, जहां पहले से ही एक दूसरा किन्नर मौजूद था। आरोप है कि किन्नरों ने पुलिस को बुलाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी तो आढ़ती घबरा गया। किन्नरों ने आढ़ती से उसकी दो अंगूठी, एक चेन और 18 हजार की रकम ले ली और भागने में कामयाब रहे। घटनाक्रम की सूचना आढ़ती ने पुलिसकर्मियों को दी। एसओ दीपक कठैत ने बताया कि किन्नरों की तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।