ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
शहर में फैली गंदगी को लेकर शुरू हुई राजनीति के बीच मेयर अनीता के सफाई व्यवस्था पटरी से उतरने पर भाजपा के मंत्री और सांसद को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद अब भाजपा ने भी मेयर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बृहस्पतिवार की शाम पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा पार्षदों ने मेयर अनीता शर्मा को जनता के बीच पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की मांग की। कहा कि अगर भाजपा पर ही दोषारोपण करना है तो भाजपा के पार्षद खुद शहर ही सफाई व्यवस्था संभाल लेंगे।
भाजपा पार्षद राजेश शर्मा ने कहा कि मेयर अनीता शर्मा को जिन उम्मीदों के साथ जनता ने मेयर चुना था वे उन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही हैं। सफाई व्यवस्था हो या प्रशासनिक क्षमता हर जगह वे पूरी तरह विफल हैं। केवल उनके पति और कुछ अन्य सलाहकार जिनका नगर निगम से कुछ लेना देना नहीं है मेयर के साथ दिखाई देते हैं। पार्षदों ने कहा कि केआरएल कंपनी का जिस उद्देश्य ये अनुबंध किया गया था उस पर कंपनी खरी नहीं उतरी। भाजपा पार्षद कंपनी का अनुबंध समाप्त करने के लिए एकमत है। सभी ने मेयर को इस बारे मं ज्ञापन भी दिया था, कार्यकारिणी की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था, लेकिन मेयर ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि भाजपा के पार्षद पूरी तरह मेयर को सहयोग कर रहे हैं। सभी प्रस्तावों को सहमति से पास कराया गया। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बिना मांगे भी समर्थन दिया। सभी निकायों को अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध कराया गया। फिर भी अपनी खामियां छिपाने के लिए अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता के दौरान पार्षद प्रशांत सैनी, नितिन माणा, विनीत जौली, अनिरुद्ध भाटी, सुनील अग्रवाल और शुभम मैदौला भी मौजूद रहे।