हरिद्वार। दो दिन से शहर से कूड़ा नहीं उठाने से व्याप्त गंदगी के बाद नगर निगम ने केआरएल को (टरमिनेशन नोटिस) अनुुबंध को निरस्त करने का अंतिम नोटिस थमा दिया है। केआरएल के कर्मचारियों की हड़ताल से धर्मनगरी में दुर्गंध से सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। इसके चलते शाम करीब चार बजे नगर निगम से शहर से कूड़ा उठाने का काम शुरू करवा दिया है।
बुधवार को नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने फोन कर बताया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों से कूड़ा उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार को कूड़ा उठाने की निगरानी में लगाया गया है। नगर निगम में खड़ी कुछ गाड़ियों को हरकी पैड़ी क्षेत्र में कूड़ा उठाने के लिए भेजा गया। नमामि गंगे के अंतर्गत गंगा घाटों की सफाई करने वाली एजेंसी का भी कूड़ा उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था में सहयोग लिया है। केआरएल कर्मचारियों की हड़ताल से नगर निगम का कोई लेना देना नहीं है, यह केआरएल की समस्या है। बार-बार हड़ताल और कूड़ा उठाने व डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही के कारण कंपनी को अनुबंध निरस्त करने का अंतिम नोटिस दे दिया गया है। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि मेयर के साथ उन्होंने निरीक्षण किया है। एसपी सिटी से अनुरोध करने के बाद अपर रोड, हरकी पैड़ी पर छोटी गाड़ी को जाने दिया गया, लेकिन भीड़ के कारण बड़ी गाड़ी और लोडर नहीं जाने दी गई।
सांसद प्रतिनिधि ने गंदगी पर जताया रोष
हरिद्वार। सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के प्रतिनिधि संजय त्रिवाल ने दो दिन से कूड़ा नहीं उठाए जाने पर रोष जताया है। बयान जारी कर सांसद प्रतिनिधि एवं व्यापारी नेता ने बताया कि अपर रोड से हरकी पैड़ी क्षेत्र में कचरे के ढेर लग गए हैं और श्रद्धालु नाक बंद कर आगे निकल रहे हैं। उन्होंने केआरएल को ब्लैकलिस्ट करने और नगर निगम से व्यवस्था में अपने हाथ में लेने की मांग की है।