हरिद्वार। ज्वालापुर के लाल पुल से मंगलवार की सुबह एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। जल पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का अता पता नहीं चल सका। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिजन से विवाद होने पर युवक ने छलांग लगाई है। घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे के आस पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस की पड़ताल में युवक की पहचान नीरज पुत्र सुनील निवासी मोहल्ला कड़च्छ के रूप में हुई। जल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का अता पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि युवक ने आईटीआई की है और भेल में तकनीकी प्रशिक्षण ले रहा है। युवक की तलाश कर रहे हैं। युवक का अपने परिजन से विवाद हुआ था, संभवत उसी से क्षुब्ध होकर युवक ने गंगनहर में छलांग लगाई है।